Showing posts with label आत्मा. Show all posts
Showing posts with label आत्मा. Show all posts

Friday, April 12, 2013

जीवन और मृत्यु


आ जाए जब  
जीना और मरना
जीवन के प्रत्येक पल में,
हर आती जाती श्वास
दे अहसास
मृत्यु और पुनर्जन्म का,
पहचान लें अपनी कमियाँ
निरपेक्ष भाव से
जो मिटा दे कलुष अंतर्मन का,
देखें केवल द्रष्टा भाव से
सभी अच्छे और बुरे कर्मों को,
बिना किसी पूर्वाग्रह के
झांकें दूसरों के अंतर्मन में
और कर पायें तादात्म्य आत्मा से,
लगती है सहज तब मृत्यु भी
जीवन में घटित घटनाओं की तरह,
नहीं होता अनुभूत कोई अंतर
तब जीवन और मृत्यु में.

...कैलाश शर्मा