पंचम अध्याय
(कर्मसन्यास-योग - ५.२१-२९)
अनासक्त जब बाह्य वस्तु में,
तब आत्मिक आनन्द है होता.
अक्षय सुख वह प्राप्त है करता,
स्वयं ब्रह्म में युक्त जो होता. (२१)
स्पर्शजनित भोग दुःख कर्ता,
आदि अंत उनका है होता.
हे कौन्तेय! विवेकी जन है
उनमें रमण कभी न करता. (२२)
काम क्रोध वेगों की क्षमता
वश में मृत्यु पूर्व जो रखता.
वह जन ही सच्चा योगी है,
जग में सदा सुखी वह रहता. (२३)
सुख, आनन्द अंतरात्मा में ही,
अन्दर ही है ज्योति जलाता.
ब्रह्मलीन होकर वह योगी
ब्रह्म भाव को है वह पाता. (२४)
संशय, पाप क्षीण हों जिसके,
चित्त संयमित, जनहित में रहता.
ऐसा सम्यग्दर्शी ऋषि जन
परम मोक्ष को प्राप्त है करता. (२५)
काम क्रोध से जो विमुक्त है,
जीत चित्त आत्म का ज्ञाता.
मरने पर या जीवित रहते,
ब्रह्म निर्वाण यती वह पाता. (२६)
रोक स्पर्शादी बाह्य विषयों को,
स्थिर दृष्टि बीच भवों के.
श्वास प्रश्वास नासिका अन्दर
उन दोनों को सम करके. (२७)
इन्द्रिय, मन और बुद्धि को
पूर्णतः वश में जो करता.
इच्छा, भय व क्रोधविहीना
मुक्त मोक्ष इक्षुक मुनि रहता. (२८)
परमेश्वर समस्त लोकों का,
यज्ञ और तप का मैं भोक्ता.
मैं ही मित्र सभी प्राणी का,
जो जाने वह शान्ति है पाता. (२९)
**पांचवां अध्याय समाप्त**
......क्रमशः
कैलाश शर्मा
पंचम अध्याय
(कर्मसन्यास-योग - ५.११-२०)
तन, मन, बुद्धि और इन्द्रिय से
सब फल की आसक्ति त्याग कर.
करता कर्म है योगी केवल
आत्म शुद्धि को ध्येय मान कर. (११)
कर्म फलों की आसक्ति तज
योगी परम शान्ति है पाता.
फल आसक्ति, कामना जिसमें,
निश्चय बंधन में बंध जाता. (१२)
मन से त्याग सभी कर्मों को
परम सुखों को प्राप्त है करता.
नौ द्वारों के शहर में रह कर
कर्म न करवाता, न करता. (१३)
कर्तापन, कर्म, कर्मफल का
ईश्वर सृजन नहीं है करता.
यह प्रकृति है इन सब की
जिनसे वह यह कर्म है करता. (१४)
ईश्वर किसी का पाप न लेता
और ग्रहण न पुण्य ही करता.
ज्ञान ढका अज्ञान से जिसका
वह किंकर्तव्य विमूढ़ है रहता. (१५)
ब्रह्म ज्ञान से लेकिन जिनका
है अज्ञान नष्ट हो जाता.
ज्ञान, सूर्य सम उन जन को,
परम तत्व प्रकाश दिखलाता. (१६)
बुद्धि है स्थिर परम ब्रह्म में
मन निष्ठा से वहाँ लगाता.
समस्त पाप ज्ञान में धुलते
परम मोक्ष को है वह पाता. (१७)
विद्या विनय युक्त ब्राह्मण,
गौ, हाथी या हो कुत्ता.
चाहे हो चांडाल सामने,
पंडित उनमें समदर्शी रहता. (१८)
जिनका मन समत्व में स्थित,
जीतें पुनर्जन्म इसी जन्म में.
क्योंकि ब्रह्म है सम, निर्दोषी,
वे समदर्शी स्थित हैं ब्रह्म में. (१९)
न प्रसन्न प्रिय वस्तु प्राप्त कर,
अप्रिय पा उद्विग्न न होता.
स्थिर बुद्धि, मोहमुक्त वह ज्ञानी,
परम ब्रह्म में स्थित होता. (२०)
...........क्रमशः
कैलाश शर्मा