Showing posts with label ज्ञान योग. Show all posts
Showing posts with label ज्ञान योग. Show all posts

Tuesday, July 10, 2012

श्रीमद्भगवद्गीता-भाव पद्यानुवाद (२१वीं-कड़ी)


चतुर्थ अध्याय
(ज्ञान-योग - ४.३३-४२)


यज्ञ द्रव्य आदि वस्तु से,
ज्ञान यज्ञ श्रेष्ठ होता है.
कर्म पूर्ण रूप से अर्जुन
ज्ञान रूप में ढल जाता है. (३३)


श्रद्धा, भक्ति और सेवा से,
ज्ञानी जन से जब पूछोगे.
तत्व शास्त्र ज्ञाताओं से 
परम ज्ञान शिक्षा पाओगे. (३४)


पाकर ज्ञान जिसे तुम अर्जुन,
मोह प्राप्त फ़िर न तुम होगे.
स्वआत्मा में देखोगे सबको
और सभी को मुझमें पाओगे. (३५)


करने वाले अगर पाप तुम
समस्त पापियों से बढ़ कर.
पार करोगे पाप सभी तुम 
ज्ञान रूप नौका पर चढ़ कर. (३६)


जैसे प्रदीप्त अग्नि हे अर्जुन!
लकड़ी जला राख कर देती.
तदा आत्म ज्ञान की अग्नि,
कर्म सभी भस्म कर देती.  (३७)


इस पृथ्वी पर ज्ञान के सदृश
कुछ भी पवित्र नहीं है होता.
कर्म योग से हुआ सिद्ध जो
उसे है निज अंतस में पाता. (३८)


श्रद्धावान, संयमित इन्द्रिय,
परम ज्ञान को है वह पाता.
ज्ञान प्राप्ति जैसे ही होती,
परम शान्ति है वह पाता. (३९)


श्रद्धा हीन और अज्ञानी,
संशयवान विनाश है पाता.
दोनों लोक गंवाता है वह,
संशयशील न है सुख पाता. (४०)


त्याग दिया है सब कर्मों को
जिसने कर्म योग के द्वारा.
वह न कर्म बंधन में बंधता
संशय जला ज्ञान के द्वारा. (४१)


है अज्ञान जनित संशय जो, 
ज्ञान रूप तलवार से काटो.
कर्म योग में स्थित होकर 
युद्ध कर्म को तुम उठ जाओ. (४२)


                 ......क्रमशः


   चतुर्थ अध्याय समाप्त 


कैलाश शर्मा 

Saturday, July 07, 2012

श्रीमद्भगवद्गीता-भाव पद्यानुवाद (२०वीं-कड़ी)


चतुर्थ अध्याय
(ज्ञान-योग - ४.२०-३२)


आसक्ति हीन कर्म फल में
सदा निराश्रित तृप्त है रहता.
सदा कर्म करने पर भी वह, 
कुछ भी कर्म नहीं है करता.


त्याग परिग्रह, काम निवृत्त हो,
चित्त, शरीर नियंत्रित रखता.
केवल शरीर से कर्म भी करके 
नहीं पाप बंधन में वह बंधता.


हो संतुष्ट, मिले जो कुछ भी,
द्वंद्व, द्वेष से ऊपर रहता.
बंधन मुक्त है वह हो जाता,
हार जीत में जो सम रहता.


राग द्वेष आसक्ति रहित है,
चित्त ज्ञान में स्थित होता.
यज्ञ समझ कर कर्म करे जो,
उसका कर्म विलीन है होता.

साधन यज्ञ व हविष ब्रह्म है,
और यज्ञ अग्नि भी ब्रह्म है.
है एकाग्रता ब्रह्म में जिसकी,
होता उसका प्रातव्य ब्रह्म है.


देवों को प्रसन्न करने को
कुछ योगी जन यज्ञ हैं करते.
ब्रह्म अग्नि में अन्य हैं योगी
आत्म ब्रह्म को आहुत करते.


अन्य श्रवण आदि इन्द्रिय को
संयम अग्नि में आहुत करते.
अन्य शब्द आदि विषयों को
इन्द्रिय अग्नि में अर्पित करते.


अन्य सर्व इन्द्रिय कर्मों को 
और प्राण शक्ति कर्मों को.
अर्पित करते ज्ञान प्रज्वलित
आत्म संयमी योगाग्नि को.


यज्ञ करे हैं धन से और तप से,
मन पर संयम कुछ योग मानते.
स्वाध्याय, ज्ञान यज्ञ कुछ करते,
यति लोग स्वव्रत तीक्ष्ण बनाते.


प्राण, वायु पर करें नियंत्रण,
आती जाती सांस रोकते.
पूरक, कुम्भक, रेचक द्वारा
प्राणायाम यज्ञ हैं करते.


भोज सूक्ष्म मात्र में करके 
प्राणों को प्राणों में होमते.
सभी यज्ञ के ज्ञाता हैं वे, 
पाप यज्ञ अग्नि में होमते.


यज्ञ शेष अन्न को खाकर
ब्रह्म सनातन जन हैं पाते.
ब्रह्म लोक है मिलेगा कैसे
बिना यज्ञ यह लोक न पाते?


बहु विधि यज्ञ विहित वेदों में,
उन्हें कर्मजनित तुम समझो.
जान लिया तुमने यदि इतना,
बंधन मुक्त स्वयं को समझो.


             .........क्रमशः


कैलाश शर्मा 

Monday, July 02, 2012

श्रीमद्भगवद्गीता-भाव पद्यानुवाद (१९वीं-कड़ी)


चतुर्थ अध्याय
(ज्ञान-योग - ४.१०-१९)


राग, क्रोध, भय को तज कर,
सच्चे मन से शरण में आया.
ज्ञान यज्ञ से कर पवित्र मन,
उसने मेरे स्वरुप को पाया.


जैसे भाव सहित वह आता,
उसी भाव से मैं अपनाता.
पार्थ कोई भी मार्ग चुने वह,
मेरा मार्ग ही है अपनाता.


चाहें जो फल कर्म यहीं पर,
शरण देवताओं की वे जाते.
मनुज लोक में कर्मों के फल,
शीघ्र मनुज को हैं मिल जाते.


कर्म और गुण पर आधारित
चार वर्ण का सर्जक हूँ मैं.
यद्यपि इन कर्मों का कर्ता,
पर अकर्म अविनाशी हूँ मैं.


नहीं कर्म फल की इच्छा,
लिप्त कर्म मुझे न करता.
मुझे जानता है जो ऐसे,
वह भी कर्मों से न बंधता.


इस रहस्य को जान पूर्व में,
मुमुक्षुओं ने कर्म किया था.
अपना कर्म करो वैसे ही,
पूर्वज जन ने पूर्व किया था.


क्या है कर्म, अकर्म है कैसा,
भ्रमित विवेकी भी हो जाते.
वह कर्म, अकर्म बताता हूँ मैं
जान जिसे सब मोक्ष हैं पाते.


तत्व कर्म का ज्ञान योग्य है,
और अकर्म को भी समझो.
जानो रूप निषिद्ध कर्म का,
गहन गति कर्मों की समझो.


जो अकर्म कर्म में देखे,
और कर्म अकर्म में बूझे.
बुद्धिमान योगी वह जन है,
सब निष्पन्न कर्म हैं उसके.


समारंभ सारे कर्मों का
फल इच्छा के बिना हैं करते.
ज्ञानाग्नि में कर्म जलाये,
ज्ञानी उसे ही पंडित कहते.


             .........क्रमशः


कैलाश शर्मा