Showing posts with label भक्ति योग. Show all posts
Showing posts with label भक्ति योग. Show all posts

Thursday, May 02, 2013

श्रीमद्भगवद्गीता-भाव पद्यानुवाद (५०वीं कड़ी)


                                 मेरी प्रकाशित पुस्तक 'श्रीमद्भगवद्गीता (भाव पद्यानुवाद)' के कुछ अंश: 

       बारहवाँ अध्याय 
(भक्ति-योग-१२.१२-२०)


श्रेष्ठ ज्ञान अभ्यास से होता 
ध्यान ज्ञान से श्रेष्ठ कहाता.
उससे श्रेष्ठ कर्म फल तजना,
जिससे परम शान्ति है पाता.  (१२.१२)

द्वेषहीन, मित्र है सब का,
अपने दूजे का भाव न रखता.
करुणाशील अहंकारहीन है
क्षमाशील, समत्व में रहता.  (१२.१३)

रहता संतुष्ट सदा जो योगी,
दृढनिश्चयी व संयमी होता.
मन बुद्धि मम अर्पित करता,
ऐसा भक्त मुझे प्रिय होता.  (१२.१४)

जग को जो उद्विग्न न करता,
न उससे उद्विग्न है होता.
ईर्ष्या, भय, उद्वेग रहित जो 
वैसा भक्त मुझे प्रिय होता.  (१२.१५)

इच्छा रहित शुद्ध निपुण है,
तटस्थ मुक्त पीड़ा से होता.
कर्तापन का भाव न रखता,
ऐसा भक्त मुझे प्रिय होता.  (१२.१६)

न हर्षित, न द्वेष है करता,
न ही शोक, आकांक्षा करता.
शुभ व अशुभ त्याग जो देता
ऐसा भक्त मुझे प्रिय लगता.  (१२.१७)

हो सम भाव शत्रु मित्रों से,
मान अपमान में ध्रुव रहता. 
सुख दुःख में समत्व बुद्धि है,
सभी मोह से मुक्त है रहता.  (१२.१८)

निंदा स्तुति में सम जन जो
मौन, सदा संतुष्ट है रहता.
मोहमुक्त, प्रिय वह मुझको 
एकाग्र बुद्धि से है जो भजता.  (१२.१९)

किन्तु धर्ममय अमृत पथ का
कथनानुसार अनुसरण करते.
श्रद्धापूर्ण समर्पित जो मुझ में,
भक्त मुझे वे अति प्रिय लगते.  (१२.२०)

**बारहवां अध्याय समाप्त**

                  ......क्रमशः

...कैलाश शर्मा 

Friday, April 19, 2013

श्रीमद्भगवद्गीता-भाव पद्यानुवाद (४९वीं कड़ी)


                                 मेरी प्रकाशित पुस्तक 'श्रीमद्भगवद्गीता (भाव पद्यानुवाद)' के कुछ अंश: 

       बारहवाँ अध्याय 
(भक्ति-योग-१२.१-११)


अर्जुन :
जो भक्त निरंतर मनोयोग से 
सगुण रूप की पूजा करते.
कुछ अविनाशी निराकार की 
हो एकाग्र उपासना करते.

इन दोनों में कौन हे भगवन!
सबसे श्रेष्ठ योग वेत्ता है?  (१२.१)

श्री भगवान :
मेरे सगुण रूप में हो स्थित 
श्रद्धा सहित उपासना करते.
मेरे मत में ऐसे ही योगी,
श्रेष्ठ सर्व योगियों में रहते.  (१२.२)

अविनाशी अवर्णीय रूप जो 
निराकार और अचिन्त्य है.
करते उपासना सदा सर्वदा
जो अचल व अटल ब्रह्म है.  (१२.३)

समत्व भाव सर्वत्र हैं रखकर,
संयमित सभी इन्द्रियां रखते.
लोककल्याण में सतत रूचि है 
सभी उपासक मुझे ही लभते.  (१२.४)

निराकार ब्रह्म की उपासना 
सगुण भक्ति से दुष्कर है होती.
मनुजों की अव्यक्त ब्रह्म में
गति निश्चय ही कठिन है होती.  (१२.५)

सभी कर्म समर्पित करके
मुझे परायण है जो करता.
अनन्यभाव से योगपूर्वक 
मेरा ध्यान व अर्चन करता.  (१२.६)

अपने मन को जो अर्जुन 
सदा लगाए मुझमें रखता.
मृत्युरूप जगत सागर से 
मैं उसका उद्धार हूँ करता.  (१२.७)

मुझमें मन एकाग्र है करके 
स्थिर बुद्धि करो तुम मुझमें.
इसमें नहीं है संशय अर्जुन 
मृत्यु उपरान्त रहोगे मुझमें.  (१२.८)

अगर नहीं संभव है तुमको,
स्थिर मुझ में स्व मन करना.
अभ्यासयोग के द्वारा अर्जुन,
मुझे प्राप्ति की इच्छा करना.  (१२.९)

यदि असमर्थ अभ्यासयोग में
अर्पित करो स्वकर्म हैं मुझको.
मेरे हेतु कर्म करते भी तुम 
प्राप्त करोगे परम सिद्धि को.  (१२.१०)

यदि अशक्त हो तुम इसमें भी,
कर्म करो मुझको अर्पित कर.
मन, बुद्धि को करो संयमित,
कर्म फलों की चाह त्याग कर.  (१२.११)

               .......क्रमशः

...कैलाश शर्मा